हर समाज और हर व्यक्ति के विकास के लिए पर्यटन विशेष महत्व रखता है। देश-विदेश की सैर से कई जगहों की ऐतिहासिक और भौगोलिक सभ्यता और संस्कृति के विषय में अनगिनत जानकारी मिलती है। पर्यटन से लोगों के रहन सहन को करीब से जान पाते हैं। यही सब कारण हैं जिसने पर्यटन के महत्व को बढ़ा दिया है। पर्यटन व्यापार से हमारे देश को विदेशी मुद्रा प्राप्त होती है जो कि देश के लिए बेहद फायदेमंद है। हर वर्ष विदेशों से कई लोग हमारे देश की खूबसूरती को देखने आते हैं, वह होटलो में रहते हैं और दुकानों से खरीदारी करते हैं। इससे राज्यों के पर्यटन व्यवसाय को काफी लाभ पहुँचता है। पर्यटन के कारण लोगों में हिम्मत, रोमांच और मनोरंजन का संचार होता है। लोग उत्सुकता से हर स्थल को जानते हैं और उनके विषय में ज्ञान अर्जित करते हैं।